वाच्य/प्रश्नोत्तर

  



वाच्य

प्रश्नोत्तर 

प्रश्न 1: वाच्य की परिभाषा लिखिए:

उत्तर: 'वाच्य' का शाब्दिक अर्थ है-- बोलने का विषय

क्रिया के जिस रूप से यह जाना जाए कि क्रियापद द्वारा किए गए कार्य अथवा कही गई बात का विषय कर्ता है, कर्म है या भाव अथवा क्रिया स्वयं है, उसे वाच्य कहते हैं। जैसे-- 

--- साहिल पढ़ता है।

--- तुलसीदास ने 'रामचरितमानस' की रचना की।

--- बालगोबिन भगत कबीर के दोहे गाया करते थे।

--- सारिका के द्वारा गीत गाया जाता है।

--- दादाजी से रातभर सोया नहीं गया।

प्रश्न 2: वाच्य के कितने भेद हैं? उनके नाम लिखिए:

उत्तर: हिंदी में वाच्य के तीन भेद होते हैं। वे हैं:

(i) कर्तृवाच्य, 

(ii) कर्मवाच्य और 

(iii) भाववाच्य 

प्रश्न 3: कर्तृवाच्य की परिभाषा उदाहरण सहित लिखिए:

उत्तर: जिस वाक्य में क्रिया का मुख्य विषय कर्ता होता है, वहाँ कर्तृवाच्य होता है। इस वाच्य में कथन का केंद्र हमेशा कर्ता होता है। जैसे:

--- प्रेमचंद उपन्यास लिखते हैं।

--- बच्चे रो रहे हैं।

--- राहुल क्रिकेट खेलता था।

--- राम ने रोटी खाई।

--- दिनेश पुस्तक नहीं पढ़ता है।

कर्तृवाच्य के वाक्यों की क्रियाएँ अकर्मक और सकर्मक-- दोनों ही प्रकार की हो सकती हैं और इनमें कर्म गौण होता है। कर्तृवाच्य में कर्ता को पहचानने के लिए क्रिया के साथ 'कौन' अथवा 'किसने' लगाकर प्रश्न करने से जो उत्तर मिलता है, वही कर्ता है।

प्रश्न 4: कर्मवाच्य किसे कहते हैं? इसके प्रयोग स्थल के बारे में बताइए:

उत्तर: जिस वाक्य में क्रिया का मुख्य विषय कर्ता न होकर कर्म हो, वहाँ कर्मवाच्य होता है। इसमें कर्म की प्रधानता रहती है और क्रिया का रूप भी कर्म के लिंग और वचन के अनुसार बदलता है। जैसे:

--- कहारों द्वारा डोली उठाई गई।

--- रक्षाबंधन का त्यौहार उत्साह के साथ मनाया गया।

--- माली द्वारा रोज उपवन के फूल तोड़े जाते हैं।

--- इस साल पतंग महोत्सव नहीं मनाया जाएगा।

--- कवियों द्वारा कविताएँ लिखी गईं।

कर्म वाच्य वाले वाक्यों में कर्ता के साथ -- के द्वारा, द्वारा, से जैसे कारक चिह्न अथवा परसर्ग जुड़े होते हैं।

प्रश्न 5: उदाहरण सहित भाववाच्य की परिभाषा लिखिए:  

उत्तर: जिस वाक्य में वाच्य का केंद्र क्रिया हो अर्थात जहाँ न कर्ता की प्रधानता हो और न कर्म की, बल्कि जहाँ क्रिया का भाव ही मुख्य हो, उसे भाववाच्य कहते हैं। भाववाच्य की क्रिया सदा अन्य पुरुष में पुल्लिंग और एकवचन में रहती है। जैसे--

--- अब चला जाए।

--- वृद्ध व्यक्तियों से तेज़ दौड़ा नहीं जाता। 

--- मुझसे बैठा नहीं जाता।

--- थोड़ी देर सो लिया जाए।

--- हमसे वहाँ नहीं ठहरा जाता।




टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अभ्यास प्रश्नोत्तर (कक्षा: नौ)

संक्षिप्त प्रश्नोत्तरः व्याकरण (कक्षा: 9)

नेताजी का चश्मा/ स्वयं प्रकाश