कैदी और कोकिला/ माखनलाल चतुर्वेदी

 


कैदी और कोकिला

                        -- माखनलाल चतुर्वेदी

प्रश्नोत्तर:

प्रश्न 1: कोयल की कूक सुनकर कवि की क्या प्रतिक्रिया थी?

उत्तर: कोयल की कूक सुनकर कवि को ऐसा लगा जैसे कोयल उसके लिए किसी का कोई संदेशा लेकर आई है। कवि को ऐसा लगता है कि वह संदेशा शायद बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसीलिए कोयल सुबह होने की प्रतीक्षा भी न कर सकी और अर्धरात्रि को ही संदेशा देने कवि के पास पहुँची।

प्रश्न 2: कवि ने कोकिल के बोलने के किन कारणों की संभावना बताई?

उत्तर: कवि ने कोकिल के बोलने के कई कारणों की संभावना व्यक्त की है। उनके अनुसार--

(i) कोयल शायद कोई बहुत जरूरी संदेशा लेकर आई हो।

(ii) उसने कहीं किसी क्रांति के दावानल की ज्वाला देख ली हो और उसकी खबर देने आई हो।

(iii) देशवासियों में मधुर विद्रोह बीज बोने के लिए बोल उठी हो ।

(iv) अंग्रेज शासन से मुक्ति की रणभेरी बजा रही हो।

(v) कैदियों के मन में देशभक्ति की भावना जगाने आई हो।

प्रश्न 3: किस शासन की तुलना तम के प्रभाव से की गई है और क्यों?

उत्तर: कविता में अंग्रेज शासन की तुलना तम के प्रभाव से की गई है, क्योंकि अंग्रेज शासन के दौरान निर्दोष भारतीयों पर घोर अत्याचार हुए। स्वतंत्रता के लिए लड़ रहे लोगों को कारागृह में डाल कर उन पर अंग्रेजों ने तरह-तरह के अत्याचार किए। कोल्हू के बैल की तरह उन्हें जोता गया। तम अर्थात् अंधकार-- यहाँ अंग्रेजों के अत्याचारपूर्ण शासन का प्रतीक है।

प्रश्न 4: कविता के आधार पर पराधीन भारत की जेलों में दी जाने वाली यंत्रणाओं का वर्णन कीजिए।

उत्तर:  पराधीन भारत की जेलों में कैदियों को अमानवीय यातनाएँ दी जाती थीं। राजनैतक बंदियों को खतरनाक डाकू, चोर, बटमारों के साथ रखा जाता था। उन्हें हथकड़ी, जंजीर अथवा बेड़ियों में बाँधकर रखा जाता था।  भोजन भी बहुत कम दिया जाता था, जिससे उनका पेट नहीं भरता था। उनसे हल जुतवाया जाता था, कोल्हू चलवाया जाता था, बड़े बड़े पत्थरों की गिट्टियाँ तुड़वाई जाती थीं। उनके हँसने-रोने पर भी रोक थी।

प्रश्न 5: भाव स्पष्ट कीजिए---

(क) मृदुल वैभव की रखवाली-सी, कोकिल बोलो तो।

उत्तर: 'मृदुल वैभव की रखवाली-सी' से कवि का तात्पर्य कोयल की मीठी तथा कोमल आवाज से है। भले ही उसकी आवाज में मिठास है परंतु आज उसकी आवाज में वेदना की चीख सुनाई पड़ती है। इसलिए कवि उससे उसकी पीड़ा का कारण पूछता है। 

(ख) हूँ मोट खींचता लगा पेट पर जूआ, खाली करता हूँ ब्रिटिश अकड़ का कूँआ।

उत्तर: इन पंक्तियों में कवि कहता है कि अंग्रेज सरकार कारागृह में कैद स्वतंत्रता सेनानियों से पशुओं के समान सख्त परिश्रम करवाते हैं। उनके पेट पर जुआ बाँधकर कुँए से पानी निकाला जाता है। परंतु देशप्रेमी कैदियों को इन यातनाओं का कोई दुख नहीं है। वे इसी तरह अंग्रेज सरकार के अत्याचारपूर्ण शासन को विफल कर उनकी अकड़ खत्म कर देना चाहते हैं। 

प्रश्न 6: अर्धरात्रि में कोयल की चीख से कवि को क्या अंदेशा है?

उत्तर: अर्धरात्रि में कोयल की चीख से कवि को लगता है कि कोयल या तो पागल हो गई है और आधी रात को चीख रही है अथवा देशभर क्रांति की आग की लपटें उसने देख ली हैं और सभी देशवासियों को इसकी जानकारी देने और सजग करने के लिए वह अर्धरात्रि को चीख रही है। 

प्रश्न 7: कवि को कोयल से ईर्ष्या क्यों हो रही है?

उत्तर: कोयल से कवि की ईर्ष्या का मुख्य कारण उसकी स्वच्छंदता है। वह आकाश में स्वच्छंदता से उड़ान भर रही है और कवि जेल की काल कोठरी में कैद है। मीठी आवाज़ में गीत गाकर कोयल अपने आनंद को प्रकट कर सकती है और वाहवाही भी पाती है परंतु कवि अपनी पीड़ा व्यक्त करने के लिए रो भी नहीं सकता। कवि का सस्वर रोना भी गुनाह समझा जाता है। रोने के कारण उसे दंड तक मिल सकता है।

प्रश्न 8: कवि के स्मृति पटल पर कोयल के गीतों की कौन-सी मधुर स्मृतियाँ अंकित हैं, जिन्हें वह अब नष्ट करने पर तुली है?

उत्तर: कवि के स्मृति-पटल पर कोयल के गीतों की कुछ मधुर स्मृतियाँ अंकित हैं। कोयल हरी-भरी डालियों पर बैठकर अपने मधुर स्वर से सारे वातावरण को गुंजायमान करती थी। उसके मधुर गीतों में खुशियाँ झलकती थीं। परंतु अब वह अपनी इन विशेषताओं को नष्ट करने पर तुली है। वह बावली-सी होकर चीख रही है।

प्रश्न 9: हथकड़ियों को गहना क्यों कहा गया है?

उत्तर: भारतीय स्वतंत्रता के दीवानों तथा आंदोलनकारियों के लिए देश के नाम  हथकड़ियाँ पहनना भी गर्व और सम्मान की बात थी। इससे उनका गौरव कभी कम नहीं हुआ, वरन् समाज ने उन हथकड़ियों के पहनने के बाद उन्हें और अधिक प्रतिष्ठा दी। इसलिए हथकड़ियों को कवि के द्वारा गहना कहा गया है। 

प्रश्न 10: 'काली तू.... ऐ आली।'-- इन पंक्तियों में 'काली' शब्द की आवृत्ति से उत्पन्न चमत्कार का विवेचन कीजिए। 

उत्तर: उपर्युक्त पंक्तियों में 'काली' शब्द का प्रयोग अनेक अर्थों में होने के कारण यहाँ यमक अलंकार है। पंक्तियों में 'काली' शब्द विभिन्न अर्थों में प्रयुक्त हुआ है। जैसे--- 

(i)  काले रंग के अर्थ में--
         काली तू, रजनी भी काली,
         टोपी काली, कमली काली,
         मेरी लौह-शृंखला काली 

(ii) अन्याय के अर्थ में--
         शासन की करनी भी काली 
         मेरी काल कोठरी काली

 (iii) भयानकता के अर्थ में--
         काली लहर, कल्पना काली

प्रश्न 11: कवि जेल के आसपास अन्य पक्षियों का चहकना भी सुनता होगा लेकिन उसने कोकिला की ही बात क्यों की है?

उत्तर: किसी भी पक्षी के चहकने की आवाज मन को प्रसन्न कर देती है। लेकिन उन सभी में कोयल का कूकना किसीके भी मन को बहुत अधिक छू लेता है। उसका स्पष्ट और मधुर स्वर कवि के मन को भी स्पर्श कर गया होगा। इसलिए कवि ने कोकिला की ही बात की होगी।

प्रश्न 12: आपके विचार से स्वतंत्रता सेनानियों और अपराधियों के साथ एक-सा व्यवहार क्यों किया जाता होगा?

उत्तर: स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेज शासन के लिए बड़ा खतरा बन कर उभर रहे थे। इसलिए उनका मनोबल तोड़ने के उद्देश्य से  अंग्रेजों द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जाता होगा।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अभ्यास प्रश्नोत्तर (कक्षा: नौ)

संक्षिप्त प्रश्नोत्तरः व्याकरण (कक्षा: 9)

नेताजी का चश्मा/ स्वयं प्रकाश