उपसर्ग और प्रत्यय / प्रश्नोत्तर



उपसर्ग और प्रत्यय


प्रश्नोत्तर 


प्रश्न 1: उपसर्ग किसे कहते हैं? 

उत्तरः वे शब्दांश जो किसी शब्द से पूर्व लगकर उस शब्द का अर्थ बदल देते हैं या उसमें नई विशेषता उत्पन्न कर देते हैं, वे उपसर्ग कहलाते हैं। जैसे:

कु + पुत्र = कुपुत्र 
अभि + मान = अभिमान 
दूर् + आचार = दुराचार

प्रश्न 2: तत्सम उपसर्ग किसे कहते हैं? 

उत्तरः वह उपसर्ग जो संस्कृत भाषा से सीधे हिंदी में प्रयुक्त होते हैं और उनके रूप में कोई परिवर्तन नहीं होता उन्हें तत्सम उपसर्ग कहते हैं। जैसे:

अभि + मान = अभिमान 
अनु + गमन = अनुगमन

प्रश्न 3: तद्भव अथवा हिंदी उपसर्ग की परिभाषा लिखिए।

उत्तर: संस्कृत के तत्सम उपसर्गों से विकसित उपसर्गों को तद्भव उपसर्ग कहते हैं। इन्हें हिंदी उपसर्ग भी कहा जाता है। जैसे: 

अन + होनी = अनहोनी 
अध + जला = अधजला

प्रश्न 4: उर्दू-फारसी के उपसर्ग अथवा विदेशी उपसर्ग किसे कहते हैं? 

उत्तरः हिंदी भाषा में आए हुए उर्दू-फारसी अथवा विदेशी शब्दों में प्रयुक्त होने वाले उपसर्गों को उर्दू-फारसी के उपसर्ग अथवा विदेशी उपसर्ग कहते हैं। जैसे: 

खुश + किस्मत = खुशकिस्मत 
गैर + कानूनी = गैरकानूनी

प्रश्न 5: प्रत्यय की परिभाषा लिखिए। 

उत्तरः जो शब्दांश शब्दों के धातु रूप अथवा मूल शब्दों के अंत में लगकर नए शब्दों का निर्माण करते हैं, वे प्रत्यय कहलाते हैं। जैसे:

महान + ता = महानता 
त्याग + ई = त्यागी 

प्रश्न 6: प्रत्यय के मुख्यतः कितने भेद होते हैं? उनके नाम लिखिए। 

उत्तरः प्रत्यय के मुख्यतः दो प्रकार होते हैं। वे हैं:

(i) कृत् प्रत्यय और (ii) तद्धित प्रत्यय 

प्रश्न 7: कृत् प्रत्यय किसे कहते हैं? उदाहरण सहित लिखिए। 

उत्तरः जो प्रत्यय क्रिया के मूल धातु रूप के साथ लगकर संज्ञा अथवा विशेषण आदि का निर्माण करते हैं, वे कृत् प्रत्यय कहलाते हैं। जैसे: 

भूल + अक्कड़ = भुलक्कड़ 
खेल + औना = खिलौना

प्रश्न 8: तद्धित प्रत्यय किसे कहते हैं? उदाहरण सहित लिखिए। 

उत्तरः जो प्रत्यय क्रिया के धातु रूप को छोड़कर अन्य शब्द जैसे संज्ञा, विशेषण, सर्वनाम आदि के साथ लग कर नए शब्दों का निर्माण करते हैं, उन्हें तद्धित प्रत्यय कहते हैं। जैसे: 

नमक + ईन = नमकीन 
आनंद + इत = आनंदित

प्रश्न 9: 'अनु' उपसर्ग का प्रयोग करते हुए दो शब्द लिखिए।

उत्तर: अनु + वाद = अनुवाद
         अनु + गमन = अनुगमन

प्रश्न 10: 'आवट' प्रत्यय का प्रयोग करते हुए दो शब्द लिखिए।

उत्तर: लिख + आवट = लिखावट 
         मिल + आवट = मिलावट

प्रश्न 11: 'अपमानित' शब्द से उपसर्ग, मूल शब्द और और प्रत्यय अलग करके लिखिए।

उत्तर: अप + मान + इत = अपमानित
अप (उपसर्ग) + मान (मूल शब्द) + इत (प्रत्यय) = अपमानित








टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

एवरेस्टः मेरी शिखर यात्रा (प्रश्नोत्तर)

लाख की चूड़ियाँ/ प्रश्नोत्तर

शब्द-भंडार